
रायपुर। छत्तीसगढ़ के नये राज्यपाल बिस्वा भूषण हरिचंदन बुधवार सुबह 10 बजे रायपुर पहुंच गये हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हवाई अड्डे पहुंचकर उनका स्वागत किया। सरकार के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी राज्यपाल का स्वागत करने पहुंचे थे। वहां गार्ड ऑफ ऑनर के बाद राज्यपाल को राजभवन लाया गया। गुरुवार को राजभवन के दरबार हॉल में उनका शपथ ग्रहण समारोह होना है।
हवाई अड्डे के बाहर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, नए राज्यपाल बिस्वा भूषण हरिचंदन अनुभवी राजनेता हैं। वे पांच बार विधायक रहे, अनेक विभागों के मंत्री रहे और राज्यपाल के रूप में भी उन्होंने अपनी सेवाएं दी। छत्तीसगढ़ को उनके अनुभवों का लाभ मिलेगा। सरकार ने एक दिन पहले ही अनुसुईया उइके को मणिपुर के लिए विदा किया था।
राजभवन में शपथ ग्रहण की तैयारी
राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है। बिस्वा भूषण हरिचंदन 23 फरवरी को सुबह 11.30 छत्तीसगढ़ के नये राज्यपाल की शपथ लेंगे। यह समारोह राजभवन के दरबार हॉल में आयोजित होना है। बिलासपुर उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधिपति न्यायमूर्ति अरूप कुमार गोस्वामी उनको पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।




