
जगदलपुर : छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में आज सुबह एक बड़ा रेल हादसा उस वक्त टल गया, जब लौह अयस्क से भरी एक मालगाड़ी के 37 डिब्बे किरंदुल-कोत्तावालसा रेललाइन (केके लाइन) के टनल नंबर 5 के भीतर पटरी से उतर गए। यह मालगाड़ी बैलाडीला से विशाखापट्टनम की ओर जा रही थी।
हादसा इतना भीषण था कि चिमडीपल्ली और टाएडा स्टेशनों के बीच रेल यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। डिब्बों के पटरी से उतरने के कारण इस रूट की सभी यात्री ट्रेनें रोक दी गई हैं। खासकर जगदलपुर से चलने वाली नाइट एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। यात्रियों को वैकल्पिक यात्रा योजना बनाने की सलाह दी गई है।
READ MORE : CG WEAHER UPDATE : छत्तीसगढ़ में नौतपा में मानसून ने दी दस्तक, 29 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
रेलवे प्रशासन ने दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। भारी उपकरणों और विशेषज्ञ टीमों को भेजा गया है ताकि डिब्बों को हटाकर ट्रैक को जल्द से जल्द बहाल किया जा सके। हादसे के कारणों की जांच जारी है।
गनीमत यह रही कि हादसे के समय सुरंग के आसपास कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले स्टेशन से अद्यतन जानकारी प्राप्त करें।




