
रायपुर : छत्तीसगढ़ कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर कमेटी (PAC) की बैठक में आज उस वक्त माहौल गरमा गया, जब पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत से सीधा सवाल पूछते हुए कहा कि वे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पर हमला बोलने से क्यों बचते हैं? भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस को अब सरकार पर हमले और तेज करने होंगे।
नेताओं की निष्क्रियता और अनुशासनहीनता पर भी जताई नाराजगी
बैठक में भूपेश बघेल यहीं नहीं रुके। उन्होंने अन्य कांग्रेस नेताओं की निष्क्रियता पर भी सवाल उठाया और कहा कि चरणदास महंत नेता प्रतिपक्ष होने के बावजूद सरकार के खिलाफ मुखर नहीं हैं, जबकि विपक्ष का दायित्व है कि वह सरकार की नीतियों पर खुलकर सवाल उठाए।
इसके साथ ही बघेल ने पार्टी में अनुशासनहीनता को लेकर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा, “कोई भी नेता किसी के खिलाफ कुछ भी बयान दे देता है और कोई कार्रवाई नहीं होती।” उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि राजनांदगांव के एक नेता ने उनके खिलाफ बयान दिया, लेकिन उस पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
सचिन पायलट की अध्यक्षता में हुई बैठक
यह बैठक रायपुर स्थित राजीव भवन में आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता एआईसीसी महासचिव व प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने की। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, और अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।
PAC की इस अहम बैठक में आगामी राजनीतिक रणनीतियों, सरकार विरोधी आंदोलन की योजना और संगठनात्मक अनुशासन जैसे विषयों पर चर्चा हुई, लेकिन भूपेश बघेल के सवालों ने बैठक को गर्मा दिया और एक बार फिर कांग्रेस के आंतरिक मतभेदों को उजागर कर दिया।




