
मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर के काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां चार महीने से लापता तीन बच्चों की मां आखिरकार अपने प्रेमी के साथ नोएडा में मिल गई है. पुलिस ने महिला और उसके प्रेमी, गौरव कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. गौरव, महिला की भाभी का भाई है. दोनों मुजफ्फरपुर से भागकर नोएडा में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे.
विदेश में नौकरी करता है पति
यह महिला मूल रूप से मधुबनी जिले की रहने वाली है, लेकिन पिछले तीन सालों से मुजफ्फरपुर के शिवपुरी मोहल्ले में किराए के मकान में अपने बच्चों (16 साल की बेटी और दो बेटे) के साथ रह रही थी. उसका पति नौकरी के सिलसिले में कतर में रहता है. आरोपी प्रेमी गौरव अहियापुर के झपहा द्रोणपुर का रहने वाला है.
देवर ने दर्ज कराई थी FIR
महिला के लापता होने के बाद उसके देवर ने 28 अप्रैल को काजीमोहम्मदपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. पुलिस तभी से उसकी तलाश में जुटी हुई थी. हाल ही में पुलिस को सूचना मिली कि महिला नोएडा में अपने प्रेमी के साथ रह रही है. सूचना मिलते ही एक विशेष टीम नोएडा भेजी गई, जिसने महिला और उसके प्रेमी को पकड़ लिया.
पुलिस की पूछताछ में गौरव ने बताया कि महिला उसकी बहन की शादीशुदा ननद है. दोनों की मुलाकात जनवरी में मुजफ्फरपुर में हुई, जहां उनका प्यार परवान चढ़ा. अप्रैल के आखिरी हफ्ते में दोनों ने घर छोड़कर साथ रहने का फैसला किया और नोएडा चले गए. आखिरकार, शनिवार को पुलिस ने इस ‘लव स्टोरी’ का अंत करते हुए दोनों को पकड़ लिया




