
कोरबा : बांगो थाना क्षेत्र के ग्राम बुडगहन में चोरी की जांच के लिए पहुंचे पुलिसकर्मियों पर ग्रामीणों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में एक आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया और बेहोशी की हालत में जंगल में मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी स्वयं पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हमलावरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की।
घटना उस समय हुई जब थाना बांगो में तैनात आरक्षक अनिल कुमार पोर्ते, अभिषेक पांडे और गजेन्द्र बिंझवार चोरी की शिकायत की जांच के लिए गांव पहुंचे थे। शिकायत ग्राम बगबुड़ा निवासी राजेश सोनी ने की थी। जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर भंजू यादव को पूछताछ के लिए बुलाया। पूछताछ के दौरान भंजू यादव आक्रोशित हो उठा और आरक्षक अनिल कुमार पोर्ते पर जातिसूचक गालियाँ देते हुए लाठी और मुक्कों से हमला कर दिया।
अन्य दो पुलिसकर्मियों ने जब बचाव की कोशिश की तो भंजू यादव के परिवार के सदस्य—लक्ष्मण यादव, लाल अहिबरन, विश्राम यादव और भजन यादव भी पुलिस टीम पर टूट पड़े और मारपीट करने लगे। हमले से जान बचाकर पुलिसकर्मी किसी तरह भागे। आरक्षक अनिल पोर्ते भागते हुए जंगल में जाकर बेहोश हो गया, जिसे बाद में पुलिस बल ने खोज निकाला।
घटना की सूचना मिलने पर एसपी सिद्धार्थ तिवारी खुद भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। बांगो थाने में अपराध क्रमांक 94/2025 के तहत आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 191(2), 491(3), 190, 221, 296, 121(1), 132 एवं 109 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इन धाराओं में सरकारी कार्य में बाधा, हत्या का प्रयास, पुलिसकर्मियों से मारपीट, और सार्वजनिक शांति भंग जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं।
पुलिस ने लक्ष्मण यादव, लाल अहिबरन, विश्राम यादव और भजन यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। अन्य आरोपियों की तलाश अब भी जारी है। मामले की निगरानी स्वयं एसपी सिद्धार्थ तिवारी कर रहे हैं।




