
रायपुर: मैनपाट में आयोजित भारतीय जनता पार्टी के प्रशिक्षण शिविर से लौटे सांसदों और विधायकों ने शिविर में मिले अनुभव और सीख को लेकर अपनी बात साझा की। नेताओं ने कहा कि शिविर के दौरान कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई, कार्यकर्ताओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया और पार्टी की विचारधारा व कार्यशैली को और गहराई से समझने का अवसर मिला।
पूर्व कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि शिविर में विषय विशेषज्ञों ने सोशल मीडिया, सार्वजनिक व्यवहार, जनसंपर्क और संगठनात्मक कार्यशैली जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा में प्रशिक्षण एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है, जिससे पार्टी के कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि निरंतर अद्यतन और सजग रहते हैं।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी शिविर को उपयोगी बताते हुए कहा कि मैनपाट में बहुत कुछ सीखने, समझने और करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता को सूचना तकनीक (IT) से जोड़ा है, लेकिन कांग्रेस अभी भी पिछड़ी सोच के साथ ही चल रही है। शिविर में सरकार की नीतियों, आगामी कार्यों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
नेताओं ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर से पार्टी के जनप्रतिनिधियों को न केवल विचारों की स्पष्टता मिली बल्कि यह भी सीखा कि जनता और कार्यकर्ताओं से संवाद कैसे प्रभावी ढंग से किया जाए।




