
रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं। राजधानी रायपुर में उन्होंने नक्सल प्रभावित इलाकों से आए बच्चों और युवाओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि जिन मासूम बच्चों के हाथों में कभी नक्सलियों ने बंदूकें थमाई थीं, आज उन्हीं हाथों में किताबें देकर उनका भविष्य संवारा जा रहा है।
‘लियोर ओयना’ योजना की सराहना
अमित शाह ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “जिन मासूम बच्चों के हाथों में कभी नक्सलियों ने बंदूकें थमा दी थी, आज उनके हाथों में किताबें देकर उनका भविष्य सँवारा जा रहा है। छत्तीसगढ़ सरकार की ‘लियोर ओयना’ योजना के अंतर्गत नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के बच्चों को रायपुर लाकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ते हुए उनका आत्मविश्वास बढ़ाया जा रहा है। आज इस योजना के तहत नवा रायपुर आए बीजापुर के उसूर और गंगालूर विकासखंड के युवाओं से भेंट कर मन आनंदित है।”

नारायणपुर दौरा रद्द, रायपुर में कमांडर्स से करेंगे मुलाकात
गृहमंत्री शाह का आज छत्तीसगढ़ प्रवास का दूसरा दिन है। उन्हें नारायणपुर जाना था, लेकिन यह दौरा अंतिम समय पर रद्द कर दिया गया। अब वे रायपुर में ही सुरक्षा बलों के कमांडर्स से मुलाकात कर राज्य की आंतरिक सुरक्षा और नक्सल मोर्चे पर चर्चा करेंगे।




