हिसुआ में मॉब लिंचिंग: अधेड़ की पीट-पीटकर हत्या, पत्नी को जिंदा जलाने का प्रयास
डायन का आरोप लगाकर भीड़ ने पति-पत्नी को अर्द्धनग्न कर टोले में घुमाया, महिला गंभीर; पुलिस की लापरवाही से भड़का विवाद

पटना
नवादा जिले के हिसुआ प्रखंड के पांचूगढ़ दलित टोले (वार्ड-05) में बुधवार सुबह मॉब लिंचिंग की भयावह घटना सामने आई। डायन बताकर भीड़ ने 55 वर्षीय गया मांझी की पीट-पीटकर हत्या कर दी, जबकि उसकी पत्नी समुद्री देवी को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मारपीट के दौरान भीड़ ने पति-पत्नी को अर्द्धनग्न कर दिया, सिर मुंडवा कर उन पर चूना लगाया और जूते-चप्पल की माला पहनाकर टोले में घुमाया। आरोप है कि गया मांझी की मौत के बाद भीड़ ने उसकी पत्नी को शव के साथ जिंदा जलाने की कोशिश की।
सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार रात से ही विवाद की सूचना डायल 112 पुलिस को दी गई थी, लेकिन टीम बिना कार्रवाई लौट गई और थाने को भी जानकारी नहीं दी। इससे उपद्रवियों का मनोबल और बढ़ गया।
बुधवार सुबह सूचना मिलने पर प्रभारी थानाध्यक्ष रूपा कुमारी और एसपी अभिनव धीमान पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर महिला को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस का कहना है कि दोषियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारी ने कहा:
“डायन बताकर मॉब लिंचिंग की घटना हुई है। मृतक की पत्नी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जांच जारी है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।” — रूपा कुमारी, प्रभारी थानाध्यक्ष, हिसुआ




