
रायपुर : नया रायपुर क्षेत्र में खनिज विभाग के अधिकारी बनकर ट्रक चालकों से अवैध वसूली करने की कोशिश कर रहे दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों के नाम अविनाश शर्मा और विनय यादव हैं। ये दोनों खुद को माइनिंग अफसर बताकर हाइवा और ट्रकों को रोक रहे थे और दस्तावेज जांच के बहाने पैसे मांग रहे थे।
शक होने पर ट्रक चालकों ने पुलिस को दी सूचना
हाइवा चालकों को दोनों की हरकतें संदिग्ध लगीं क्योंकि उनके पास कोई वैध पहचान पत्र या सरकारी अनुमति पत्र नहीं था। शक होने पर चालकों ने राखी थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों से पूछताछ की।
शुरुआत में उन्होंने खुद को माइनिंग विभाग का अधिकारी बताया, लेकिन जब पुलिस ने सरकारी आईडी और दस्तावेज मांगे, तो दोनों घबरा गए और आखिरकार कबूल किया कि वे फर्जी अधिकारी हैं।
READ MORE : बिलासपुर हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की मिली धमकी, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर
आरोपियों से मिले फर्जी दस्तावेज और बाइक
पुलिस ने अविनाश शर्मा और विनय यादव को मौके से गिरफ्तार कर लिया और उनके पास से एक फर्जी दस्तावेज, एक मोबाइल फोन और एक बाइक जब्त की, जिसका उपयोग ये वसूली के लिए कर रहे थे।
फर्जीवाड़े का था पूरा प्लान
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दोनों युवक इससे पहले भी इसी तरह की ठगी की कोशिश कर चुके हैं। वे अक्सर रात के समय सुनसान इलाकों में ट्रकों को रोकते थे और खुद को खनिज निरीक्षक बताकर दस्तावेज मांगते थे। दस्तावेज में मामूली खामी बताकर रिश्वत वसूलते थे।
READ MORE : युक्तियुक्तकरण में गड़बड़ी: मनेंद्रगढ़ बीईओ सुरेंद्र जायसवाल निलंबित, अब तक चार बीईओ पर गिरी गाज
नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
राखी थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ BNS की धाराएं 296, 126, 308, 204 और 3-5 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इनमें धोखाधड़ी, फर्जीवाड़ा, सरकारी कर्मचारी बनकर डराने-धमकाने जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं।
पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल है और इनका नेटवर्क कितना बड़ा है।




