
बिलासपुर। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के एक हॉस्टल में रहकर PSC की तैयारी कर रही छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जब छात्रा की सहेलियों ने उसकी लाश देखी तो पुलिस को मामले की सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, बालोद के सांकरा स्थित जगन्नाथपुर की रहने वाली नेहा देशमुख (23 साल) पिता मुरली देशमुख MSC की पढ़ाई के बाद प्रतियोगी परीक्षा के साथ ही छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (PSC) परीक्षा की भी तैयारी कर रही थी। वह पिछले कुछ महीनों से सिटी कोतवाली क्षेत्र के दयालबंद स्थित पंजाबी कॉलोनी के एक निजी हॉस्टल में रह रही थी और कोचिंग क्लास जाया करती थी।
सोमवार को भी नेहा कोचिंग के लिए सुबह गई थी। जहां से वह 11 बजे लौटकर आ गई थी। जब कुछ देर बाद उसकी सहेलियों ने उसके रूम का दरवाजा खटखटाया तो कोई जवाब नहीं मिला। उन्होंने हॉस्टल मालिक को इसकी जानकारी दी। जब खिड़की से झांककर देखा गया, तब नेहा फंदे पर झूल रही थी। उसके जीवित होने की उम्मीद से उन्होंने आनन-फानन में फंदा काटकर नीचे उतारा, तब तक पुलिस के डायल 112 को भी बुला लिया था। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
बताया गया कि नेहा पढ़ाई में होनहार थी। उसने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। बालोद से नेहा के परिजनों को बुलाया गया है। नेहा ने जिस कमरे में फांसी लगाई है, उसे पुलिस ने सील कर दिया है। परिजनों की मौजूदगी में कमरा खोलकर तलाशी ली जाएगी। जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों का पता चल सकेगा।




