अवैध रूप से सिलेंडर जमा कर रखे गए एक बेसमेंट में भीषण विस्फोट से युवक की मौत, मकान मालिक गंभीर
सहरसा के राधाकृष्ण नगर वार्ड संख्या 17 में बुधवार सुबह अवैध रूप से जमा सिलेंडरों में विस्फोट हो गया। हादसे में 26 वर्षीय युवक सचिन कुमार की मौत हो गई, जबकि मकान मालिक खुर्शीद आलम गंभीर रूप से झुलस गए। पुलिस ने घटनास्थल से कई सिलेंडर जब्त किए हैं और जांच शुरू कर दी है।

सहरसा : शहर के सदर थाना क्षेत्र के राधाकृष्ण नगर में बुधवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना हुई। अवैध रूप से सिलेंडर जमा कर रखे गए एक बेसमेंट में भीषण विस्फोट से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई और मकान मालिक बुरी तरह झुलस गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मकान मालिक मो. खुर्शीद आलम (पिता ऐनुल हक) बेसमेंट में अवैध गैस सिलेंडर जमा कर कारोबार करता था। सुबह करीब 7 बजे वह अपनी पत्नी को ले जाने के लिए बाइक स्टार्ट कर रहा था। इसी दौरान गैस लीक हो रही थी और जैसे ही बाइक की चिंगारी उठी, धमाका हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि गोदाम का लोहे का शटर उखड़कर सड़क पर जा गिरा।
दुर्भाग्यवश उसी समय सड़क से गुजर रहे सचिन कुमार (26 वर्ष) शटर की चपेट में आ गए। उनके सिर में गंभीर चोट लगी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। सचिन सुपौल जिले के भूलिया गांव के रहने वाले थे और सहरसा में रहकर पढ़ाई के साथ बच्चों को ट्यूशन पढ़ाते थे। वह खुर्शीद आलम के गोदाम के सामने ही किराए पर रहते थे।
हादसे में मकान मालिक खुर्शीद आलम गंभीर रूप से झुलस गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें निजी क्लिनिक में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। विस्फोट के बाद पूरे इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस और एसडीपीओ आलोक कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से कई सिलेंडर जब्त कर लिए और कहा कि मामले की जांच लापरवाही और अवैध कारोबार—दोनों पहलुओं पर की जाएगी। आपूर्ति विभाग को भी इस बारे में सूचना दी गई है ताकि कानूनी कार्रवाई की जा सके।




