नशे के सौदागरों पर पुलिस का शिकंजा, गांजा और हेरोइन के साथ इतना माल जब्त, शातिर तरीके से पहुंचाते थे ग्राहक तक माल
हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur News: राजधानी में नशे के कारोबार के खिलाफ रायपुर पुलिस का अभियान लगातार जारी है। वेस्ट जोन में पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 18.81 ग्राम अवैध मादक पदार्थ हेरोईन, जिसे चिट्ठा भी कहा जाता है, जब्त किया है। इस कार्रवाई में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
बता दें कि, पहली कार्रवाई टाटीबंध स्थित रिंग रोड-01 के पास आमानाका थाना क्षेत्र में की गई। यहां से 10.28 ग्राम हेरोईन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक स्कूटी और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 1 लाख 90 हजार रुपये आंकी गई है।
वहीं दूसरी कार्रवाई हीरापुर के वेदांत वाटिका इलाके में कबीर नगर थाना पुलिस ने की। यहां से 8.53 ग्राम हेरोईन और एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन बरामद हुई। इस जब्ती की कीमत लगभग 1 लाख 70 हजार रुपये बताई जा रही है।
Raipur News: दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है और आगे भी नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहने की बात कह रही है।




