सुरक्षाबलों-माओवादियों के बीच मुठभेड़ में 2 नक्सली ढेर, सीएम ने कहा- नक्सलवाद का अंत अब निकट
नाराणपुर। Narayanpur News: छत्तीसगढ़ के नारायणपुर के अबूझमाड़ क्षेत्र में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में अब तक 02 माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं। मुठभेड़ स्थल से AK-47 रायफल, अन्य हथियार, विस्फोटक सामग्री, माओवादी साहित्य, और दैनिक उपयोग की वस्तुएँ बरामद की गई हैं। यह मुठभेड़ महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमावर्ती क्षेत्र में हुई है, जहाँ माओवादियों की उपस्थिति की सूचना मिली थी। सुरक्षा बलों ने सर्चिंग अभियान चलाया था, जिसमें यह मुठभेड़ हुई। दोनों माओवादी कैडरों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है। वहीं अब इस मामले पर सीएम साय का बयान सामने आया है।
उन्होंने अपने एक्स हैंडल में पोस्ट कर कहा कि, आज नारायणपुर के अबूझमाड़ क्षेत्र में हमारे वीर सुरक्षाबलों ने लाल आतंक के खिलाफ एक साहसिक और सफल अभियान को अंजाम दिया। नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में 2 नक्सली न्यूट्रलाइज किए गए हैं। यह सफलता केवल नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में एक निर्णायक पड़ाव ही नहीं है, बल्कि छत्तीसगढ़ में शांति, सुरक्षा और विकास की प्रक्रिया को और भी गति प्रदान करती है।
Narayanpur News: उन्होंने कहा कि, डबल इंजन सरकार के निरंतर प्रयासों से प्रदेश में नक्सलवाद का अंत अब पहले से कहीं अधिक निकट और निश्चित होता दिखाई दे रहा है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि माननीय केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जी के नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विजन के साथ मार्च 2026 तक नक्सलमुक्त भारत का संकल्प अवश्य साकार होगा।
https://x.com/vishnudsai/status/1970069023715942786




