‘इसे पाल लेना, तुम्हारा एहसान होगा’, 5 दिन की बच्ची को हॉस्पिटल में छोड़ कर चली गई मां

राजस्थान। भरतपुर के एक अस्पताल में एक महिला अपनी 5 दिन की नवजात बच्ची को अस्पताल में छोड़ कर चली गई। बच्ची के पास मां ने दूध की बोतल और कुछ कपड़ों के साथ एक लेटर छोड़ा। लेटर में लिखा था- सास परेशान करती है। बेटी को पाल लेना, तुम्हारा एहसान होगा।
मामला भरतपुर के जनाना हॉस्पिटल की पुरानी बिल्डिंग में गुरुवार रात करीब 10 बजकर 30 मिनट की है। यहां बच्ची के रोने की आवाज सुन लोग पहुंचे तो वहां बच्ची के साथ लेटर मिला। हॉस्पिटल मैनेजमेंट को जानकारी दी गई और आस-पास पता लगाया कि किसका बच्चा है। लेकिन, जब परिजन नहीं मिले तो डॉक्टर्स उसे हॉस्पिटल में ले गए और एडमिट कर दिया। बाद में पता चला कि बच्ची की मां इसे छोड़कर चली गई है।
मां ने बच्ची के साथ उसके कपड़े, दूध की बोतल और एक लेटर छोड़ा। लेटर देख कर अंदाजा लगाया जा रहा है कि बेटी होने की वजह से महिला के ससुराल वाले उसे परेशान कर रहे थे। लेटर में मां ने लिखा- मुझ पर 6 लड़कियां हो गई हैं। इसलिए मेरी सास परेशान करती है। इसी वजह से मैंने यह कदम उठाया है। मेरी बेटी को पाल लो तुम्हारा एहसान होगा। मुझे माफ कर दो। बच्ची अभी भरतपुर हॉस्पिटल के एनआईसीयू वार्ड में एडमिट है। इधर, घटना के बाद पुलिस बच्ची के परिजनों की तलाश में जुटी हुई है।




