मां के दाह-संस्कार में शामिल होने से पहले बुझ गया चिराग
जहानाबाद से बनारस जा रहे बेटे की सड़क हादसे में मौत, कैमूर के मोहनिया में NH-19 पर दर्दनाक हादसा, बस से उतरकर खाना खाने के बाद सड़क पार करते समय बाइक ने मारी टक्कर; पुत्र समेत तीन घायल, परिवार में पसरा मातम
मोहनिया (कैमूर): नियति का ऐसा क्रूर खेल कि जिसने भी सुना, उसकी आंखें नम हो गईं। कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-19 पर कुर्रा गांव स्थित चेकपोस्ट के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। विडंबना यह रही कि मृतक अपनी मां के दाह-संस्कार में शामिल होने के लिए जहानाबाद से बनारस जा रहा था। इस हादसे में मृतक का पुत्र और बाइक पर सवार दो अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान जहानाबाद जिला के घोसी थाना क्षेत्र अंतर्गत साहू बीघा गांव निवासी स्वर्गीय सत्य नारायण साव के 44 वर्षीय पुत्र शिव कुमार साव के रूप में हुई है। घायलों में मृतक का पुत्र दीपक कुमार, बाइक सवार डेहरी ऑन सोन निवासी मनोज सिंह का 22 वर्षीय पुत्र शक्ति सिंह और बनारस निवासी तेज बिहारी सिंह का 30 वर्षीय पुत्र राजीव रंजन शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, शिव कुमार साव उर्फ मंटू साव अपनी मां देवंती देवी के निधन के बाद उनके दाह-संस्कार के लिए परिवार के अन्य सदस्यों के साथ एक बस से बनारस जा रहे थे। रात करीब 10 बजे, जब उनकी बस एनएच-19 पर कुर्रा गांव के पास एक होटल पर रुकी, तो शिव कुमार और उनके पुत्र दीपक कुमार खाना खाने के लिए नीचे उतरे। खाना खाने के बाद, वे बस में वापस चढ़ने के लिए सड़क पार कर रहे थे।
इसी दौरान, कुदरा की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक ने शिव कुमार और उनके पुत्र दीपक कुमार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिव कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका पुत्र दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस भयावह टक्कर से बाइक पर सवार शक्ति सिंह और राजीव रंजन भी सड़क पर गिरकर बुरी तरह जख्मी हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मोहनिया पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल मोहनिया पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने जांच के बाद शिव कुमार साव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दीपक कुमार, शक्ति सिंह और राजीव रंजन की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक शिव कुमार साव के शव को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया है।
इस हृदय विदारक घटना से जहानाबाद स्थित मृतक के घर में मातम पसर गया है। जिस परिवार में मां के निधन का शोक था, अब बेटे के असामयिक निधन से दुख का पहाड़ टूट पड़ा है। एक ही परिवार में कुछ ही घंटों के भीतर दो मौतें होने से परिजन गहरे सदमे में हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।




