नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने कहा: “तोड़फोड़ और आगजनी देश के खिलाफ आपराधिक कृत्य”
अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने पदभार संभालते ही Gen Z आंदोलन के दौरान हुई हिंसा और आगजनी को गंभीर आपराधिक कृत्य बताया। उन्होंने राहत पैकेज, जांच और समय पर चुनाव कराने का संकल्प जताया।

काठमांडू : रविवार को पदभार संभालते ही अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने पिछले हफ्ते हुए Gen Z आंदोलन के दौरान हुई आगजनी और तोड़फोड़ को देश के खिलाफ आपराधिक कृत्य करार दिया।
कार्की ने कहा कि इन घटनाओं की उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी और सच्चाई सामने लाने के साथ ही दोषियों को सख्त सज़ा दी जाएगी। उन्होंने यह भी घोषणा की कि आंदोलन से प्रभावित लोगों को राहत उपलब्ध कराई जाएगी और उनकी सरकार का मुख्य लक्ष्य समय पर चुनाव कराना होगा।
सिंहदरबार स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय से देश को संबोधित करते हुए कार्की ने कहा—
“मैंने केवल 27 घंटे के भीतर इतना बड़ा परिवर्तन कभी नहीं देखा। इस समूह की मांगों को पूरा करने के लिए हमें दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ना होगा। मैं अपनी इच्छा से यहां नहीं आई हूं, बल्कि आप सबके आग्रह पर यह जिम्मेदारी संभाली है।”
उन्होंने यह भी संकेत दिया कि आंदोलन के दौरान हुई हिंसा और तोड़फोड़ सुनियोजित लगती है और इसके पीछे किसी बड़ी साज़िश की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। कार्की ने साफ कहा कि सिंहदरबार, संसद भवन, सुप्रीम कोर्ट, कारोबारी परिसरों और निजी संपत्तियों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं को हल्के में नहीं लिया जाएगा। अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने की आवश्यकता पर बल देते हुए प्रधानमंत्री ने अपील की कि सभी नागरिक सकारात्मक सोच के साथ देश को सही दिशा में ले जाने में सहयोग करें।




