बांग्लादेश में आम चुनाव आज, 299 सीटों पर वोटिंग जारी, बीएनपी या जमात किसकी बनेगी सरकार?
बांग्लादेश। Bangladesh Election 2026: बांग्लादेश में आज 12 फरवरी को 299 सीट पर आम चुनाव हो रहे हैं। मतदान की प्रक्रिया सुबह 7:30 बजे से शुरू हो चुकी है जो शाम 4:30 बजे तक होगी। ये देश के 13वें राष्ट्रीय चनाव है, जो रिफॉर्म पैकेज पर रेफरेंडम के साथ हो रहे हैं। बांग्लादेश चुनाव आयोग के मुताबिक, एक उम्मीदवार की मौत के बाद एक सीट पर वोटिंग रद्द कर दी गई है। वहीं चुनाव के बाद काउंटिंग शुरू होगी। चुनाव परिणाम शुक्रवार को घोषित किए जाएंगे।
बता दें कि, मुकाबला तारिक रहमान की पार्टी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) और शफीकुर रहमान की पार्टी जमात-ए-इस्लामी के बीच है। अब देखना ये है कि, बांग्लादेश में किसकी सरकार बनती है। करीब 18 महीने पहले स्टूडेंट्स की बगावत ने तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना की सरकार गिरा दी थी। उस सरकार को अवामी लीग लीड कर रही थी और चीफ एडवाइजर मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व में एक अंतरिम सरकार बनी थी।
बांग्लादेश के मतदाताओं में 18 से 37 वर्ष की आयु के लगभग 44 प्रतिशत मतदाता हैं, जिनकी कुल पंजीकृत मतदाता संख्या लगभग 127 मिलियन है। चुनावी मैदान में कुल 1981 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें करीब 1700 उम्मीदवार राजनीतिक दलों से हैं और 249 निर्दलीय हैं। वहीं वोटिंग के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 10 लाख सुरक्षाबल तैनात किए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियां पूरे देश में अलर्ट पर हैं ताकि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
Bangladesh Election 2026: वहीं इस बार प्रधानमंत्री पद के लिए दो उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं. एक तरफ जहां पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे और बीएनपी के प्रमुख तारिक रहमान पीएम पद के प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं तो दूसरी तरफ प्रधानमंत्री पद के लिए शफीकुर रहमान, जो कट्टरपंथी इस्लामिक संगठन जमात-ए-इस्लामी (बांग्लादेश में ‘जमात’ के नाम से जाना जाता है) के अमीर हैं अपनी दावेदारी ठोक रहे हैं। ऐसे में देखना ये होगा की इस चुनाव किसकी शह होती है और किसकी मात।



