केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में नक्सलवाद और बस्तर विकास पर अहम बैठक,कई विभागों की हुई समीक्षा

प्रविंस मनहर/रायपुर – केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आज वामपंथी उग्रवाद (LWE),छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद की वर्तमान स्थिति और बस्तर के समग्र विकास को लेकर एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था, विकास कार्यों और विभिन्न विभागों के कामकाज की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद से निपटने के लिए चल रही रणनीतियों और अभियानों की प्रगति की जानकारी ली।इस बैठक में राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ नक्सल प्रभावित राज्यों के शीर्ष प्रशासनिक और सुरक्षा अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में केंद्रीय गृह सचिव, आसूचना ब्यूरो (IB) के निदेशक, गृह मंत्रालय के विशेष सचिव (आंतरिक सुरक्षा) सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। इसके अलावा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), सीमा सुरक्षा बल (BSF), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के महानिदेशक भी बैठक में उपस्थित रहे।



