केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध – केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल

प्रविंस मनहर/रायपुर – केंद्रीय ऊर्जा,आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल आज एक दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर हैं। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने राजधानी रायपुर में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित किया। केन्द्रीय मंत्री लाल ने कहा कि इस बजट में अगले 25 वर्षों के लिए देश के आर्थिक,सामाजिक एवं बुनियादी ढांचे के विकास की स्पष्ट दिशा निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि यह बजट पहली बार कर्तव्य भवन में तैयार किया गया है, जो शासन व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव का प्रतीक है। बजट में 16वें वित्त आयोग की रिपोर्ट को भी सम्मिलित किया गया है, जिससे आगामी वर्षों में राज्यों के विकास को नई गति मिलेगी। मनोहर लाल ने विश्वास जताया कि बजट प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन से बिजली,आवास, शहरी विकास एवं अधोसंरचना क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति होगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह संवेदनशील और प्रतिबद्ध है।




