कोल टार कंपनी में आगजनी की जांच शुरू, कई खामियां हुई उजागर, कंपनी प्रबंधन की बड़ी लापरवाही आई सामने
रायपुर। Kaveri Industry Fire Update: रायपुर में कोल टार कंपनी में शनिवार को लगी भीषण आग की जांच शुरू कर दी गई है। औद्योगिक स्वास्थ्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान कंपनी प्रबंधन की बड़ी लापरवाही सामने आई है। फायर सेफ्टी के नियमों का पालन नहीं किया गया था, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया।
वहीं प्रारंभिक जांच में कई गंभीर खामियां उजागर हुई हैं। आगजनी की इस घटना में कंपनी को करीब 6 से 7 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है। मामले में कंपनी प्रबंधन का कहना है कि, आग पास में स्थित दूसरे निर्माणाधीन उद्योग में चल रहे वेल्डिंग कार्य के दौरान फैली चिंगारी से लगने की आशंका है। फिलहाल प्रशासन मामले की हर एंगल से जांच कर रहा है।
Kaveri Industry Fire Update: बता दें कि, शनिवार 7 फरवरी को भनपुरी इलाके खमतराई थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित कावेरी इंडस्ट्री की ऑयल फैक्ट्री में अचानक आग लगी थी। बताया जा रहा है कि, फैक्ट्री में ज्वलनशील पदार्थ बड़ी मात्रा में मौजूद होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगी थी। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फैक्ट्री परिसर में मौजूद कर्मचारी और आसपास के लोग तुरंत बाहर की ओर भागे। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गई हैं और आग पर काबू पाया था।



