किराये का मकान बना तस्करी का अड्डा, सूखे नशे के तस्कर गिरोह पर बड़ा वार, 24 घंटे में 60 किलो गांजा जब्त,14 गिरफ्तार
हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur News: रायपुर पुलिस ने सूखे नशे के कारोबार पर बड़ी चोट करते हुए अंतर्राज्यीय सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई कर 24 घंटे के भीतर 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया और करीब 60 किलो गांजा जब्त किया है।
डीसीपी क्राइम एंड साइबर स्मृतिक राजनाला के मार्गदर्शन में उरला, सिविल लाइन और कोतवाली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने यह ऑपरेशन चलाया। जांच में सामने आया कि उरला के राजेंद्र नगर स्थित किराये के मकान को तस्करों ने हब बना रखा था। आरोपी उड़ीसा से गांजा लाकर यहां डम्प करते और फिर सोनभद्र, आगरा, नोएडा समेत कई राज्यों में सप्लाई करते थे। परिवहन के लिए रेल मार्ग का इस्तेमाल किया जाता था।
उरला में रेड के दौरान महिला आरोपियों और दो विधि से संघर्षरत बालकों सहित कई लोग पकड़े गए। वहीं सिविल लाइन और कोतवाली में भी ग्राहक तलाशते तस्करों को धर दबोचा गया। पुलिस ने जब्त गांजे की कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई है।
Raipur News: अब पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाल रही है, ताकि पूरे नेटवर्क पर एंड-टू-एंड कार्रवाई की जा सके।




