गंगा किनारे 17,000 करोड़ की तीन नई सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास जल्द
सड़क निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने बताया कि दीघा-शेरपुर-बिहटा-कोइलवर (35.65 किमी), मुंगेर (सफियाबाद)-बरियारपुर-घोघाट-सुल्तानगंज (42 किमी) और सुल्तानगंज-भागलपुर-सबौर (41.33 किमी) परियोजनाएं हाइब्रिड एन्यूटी मॉडल (एचएएम) पर विकसित की जाएंगी।

पटना : बिहार सरकार गंगा नदी के किनारे 17,000 करोड़ रुपये की लागत से तीन प्रमुख सड़क परियोजनाओं का निर्माण शुरू करने जा रही है। सड़क निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने बताया कि दीघा-शेरपुर-बिहटा-कोइलवर (35.65 किमी), मुंगेर (सफियाबाद)-बरियारपुर-घोघाट-सुल्तानगंज (42 किमी) और सुल्तानगंज-भागलपुर-सबौर (41.33 किमी) परियोजनाएं हाइब्रिड एन्यूटी मॉडल (एचएएम) पर विकसित की जाएंगी।
इन परियोजनाओं के लिए राज्य सरकार कुल लागत का 40 फीसदी जबकि निजी निवेशक 60 फीसदी पूंजी लगाएंगे। इसके तहत निजी डेवलपर परियोजनाओं का संचालन करेगा और सरकार से एन्यूइटी भुगतान प्राप्त करेगा।
दीघा-शेरपुर-बिहटा-कोइलवर परियोजना की अनुमानित लागत 6,495.79 करोड़, सुल्तानगंज-भागलपुर गंगापथ की 4,849.83 करोड़ और मुंगेर-सुल्तानगंज गंगापथ की 5,119.80 करोड़ रुपये तय की गई है।
मंत्री के अनुसार, तीनों परियोजनाओं के टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और स्वीकृति पत्र जारी कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 4 अक्टूबर को इनमें से एक परियोजना का शिलान्यास करेंगे।
यह बिहार में एचएएम मॉडल का पहला अनुबंध है। गंगापथ परियोजना के पूरा होने पर लगभग 84 किमी का कनेक्टिविटी मार्ग तैयार होगा, जो आर्थिक गतिविधियों और पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ गंगा किनारे के विकास को नया आयाम देगा।




