वैशाली में बौद्ध पर्यटकों के लिए पांच सितारा रिसॉर्ट: बिहार सरकार की बड़ी पहल
पीपीपी मॉडल के तहत 10 एकड़ पर बनेगा आधुनिक रिसॉर्ट, पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
वैशाली में पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा, पर्यटकों को लुभाने के लिए सरकार का बड़ा कदम
पटना. अपनी ऐतिहासिक और आध्यात्मिक पहचान, खासकर बौद्ध धर्म से जुड़े स्थलों के लिए प्रसिद्ध वैशाली में अब पर्यटकों को विश्व स्तरीय सुविधाएं मिलेंगी। बिहार के पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है, जिसके तहत वैशाली में पर्यटकों के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं वाला पांच सितारा होटल/रिसॉर्ट बनाया जाएगा। पर्यटन विभाग, बिहार ने इस परियोजना को जन-निजी भागीदारी (पीपीपी) के तहत ‘बुनियादी ढांचा विकास समर्थकारी (इनेबलिंग) संशोधन अधिनियम 2023’ के प्रावधानों के अनुरूप सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है।
10 एकड़ भूमि पर बनेगा रिसॉर्ट
यह रिसॉर्ट वैशाली जिले में पर्यटन विभाग की 10 एकड़ अधिगृहीत भूमि पर बनाया जाएगा। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य बौद्ध पर्यटकों समेत अन्य सैलानियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इस संबंध में 19.08.2025 को हुई मंत्रिपरिषद् की बैठक में प्रस्ताव संख्या-09 के रूप में इस परियोजना को सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की गई थी।
भूमि के उपयोग में संशोधन
शुरुआत में, रिसॉर्ट के लिए 10 एकड़ भूमि का प्रस्ताव था, लेकिन बाद में इसमें संशोधन की जरूरत महसूस हुई। नए प्रस्तावित संशोधन के अनुसार, 10 एकड़ भूमि में से 5 एकड़ का उपयोग पांच सितारा होटल/रिसॉर्ट के निर्माण के लिए किया जाएगा। यह संशोधन भी मंत्रिपरिषद् द्वारा स्वीकार कर लिया गया है।
इस पहल से वैशाली में पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद है, जिससे न केवल स्थानीय अर्थव्यवस्था को फायदा होगा, बल्कि बिहार को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में भी पहचान मिलेगी।




