
रायगढ़ : जिले के वन परीक्षेत्र में लगभग 200 जंगली हाथियों के झुंड अलग-अलग दलों में घूम रहे हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले आदिवासी परिवारों की जिंदगी मुश्किल हो गई है। खेतों और घरों को रोज़ नुकसान पहुंचाने वाले इन हाथियों ने अब शासकीय स्कूल के किचन को भी नहीं छोड़ा।
ताजा मामला धरमजयगढ़ ब्लॉक के ग्राम पंचायत पुसल्दा का है, जहां बीती रात प्राथमिक शाला रामनगर के किचन शेड (रसोई कक्ष) को 20-25 हाथियों के झुंड ने क्षतिग्रस्त कर दिया। हाथियों ने रसोई को तोड़कर उसमें रखा राशन चट कर लिया, जिससे स्कूल में पढ़ने वाले करीब 50 बच्चों के भोजन की व्यवस्था पर संकट खड़ा हो गया है।
स्कूल के किचन में बच्चों का मध्यान्ह भोजन तैयार किया जाता है, लेकिन अब भवन टूट जाने और राशन खत्म हो जाने के कारण भोजन बनाने में गंभीर दिक्कतें आ रही हैं। आने वाली बरसात के मौसम को देखते हुए यदि जल्द कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई, तो बच्चों को भोजन मुहैया कराना और भी मुश्किल हो जाएगा।
इस घटना के बाद छाल वन परिक्षेत्र अधिकारी ने मौके पर टीम भेजकर क्षति का मुआयना कराया है। साथ ही ग्रामीणों को हाथियों से दूर रहने की सख्त सलाह दी गई है।
गौरतलब है कि इन हाथियों के हमले से पहले भी कई ग्रामीण अपनी फसल, मकान और यहां तक कि जान तक गंवा चुके हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान अब तक नहीं हो पाया है।




