32 दिन बाद आज समाप्त होगा हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला, समापन में झलकेगी पर्यटन और संस्कृति की नई पहचान
इंडियन आइडल फेम रितिका राज देंगी संगीतमय प्रस्तुति; मेले में हुए कारोबार और राजस्व का होगा खुलासा

छपरा। विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला बुधवार को 32 दिवसीय आयोजन के बाद सरकारी स्तर पर संपन्न हो जाएगा। बिहार की पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक माने जाने वाले इस मेले के समापन को यादगार बनाने के लिए जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग ने विशेष तैयारियां की हैं।
कार्यक्रम में पर्यटन एवं कला संस्कृति मंत्री अरुण शंकर प्रसाद मुख्य अतिथि होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद राजीव प्रताप रूडी और जनार्दन सिंह सीग्रीवाल शामिल रहेंगे। कई विधायकों, विधान पार्षदों और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
समापन सत्र के दौरान मेले में लगाए गए विभिन्न विभागों के बेहतर प्रदर्शनी और जन-जागरूकता वाले स्टॉल को सम्मानित किया जाएगा। इसके बाद रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम मेले की शाम में आकर्षण जोड़ेगा। कार्यक्रम की विशेष प्रस्तुति में इंडियन आइडल फेम रितिका राज अपने गीत-संगीत से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगी।
जिला प्रशासन इस दौरान मेला अवधि के दौरान हुए कारोबार और अर्जित राजस्व की भी जानकारी सार्वजनिक करेगा।
हर वर्ष की तरह इस बार भी सोनपुर मेला क्षेत्र में पर्यटन विकास, व्यापारिक गतिविधि और पारंपरिक संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला।




