बेकाबू भीड़ का तांडव: बिजली विभाग कर्मी को बंधक बनाकर पीटा, पुलिस पर भी हमला
ट्रैक्टर–पिकअप की मामूली टक्कर से भड़का विवाद; भीड़ ने पुलिस वाहन से उतारकर फिर मारपीट की, कई मजदूर और पुलिसकर्मी घायल

कोढ़ा (कटिहार) — चुरली घाट में शनिवार को हुई एक मामूली सड़क दुर्घटना ने देखते ही देखते इतना बड़ा रूप ले लिया कि पूरा इलाका दहशत में आ गया। चंदवा चौक के पास ट्रैक्टर और पिकअप वैन की हल्की टक्कर से शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें बिजली विभाग के ठेकेदार के मजदूरों को बेरहमी से पीटा गया और एक कर्मचारी को बंधक बना लिया गया।
टक्कर के बाद ट्रैक्टर चालक ने अपने परिजनों को बुला लिया, जिसके बाद ट्रैक्टर पक्ष के लोगों ने पिकअप वैन में सवार बिजली मरम्मतकर्मियों पर हमला कर दिया। कई मजदूर घायल हो गए। स्थिति तब और बिगड़ गई जब ग्रामीणों ने बिजलीकर्मी श्रवण कुमार को जबरन चुरली घाट ले जाकर एक घर में बंद कर दिया और पिकअप वैन को भी अपने कब्जे में ले लिया, जिसमें जरूरी उपकरण मौजूद थे।
रौतारा थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन बंधक बनाए गए युवक को छुड़ाने की पुलिस की कोशिश पर भीड़ आक्रामक हो उठी। असामाजिक तत्वों ने पुलिस टीम से धक्का-मुक्की की और हाथापाई की नौबत आ गई। अफरा-तफरी के बीच जब पुलिस घायल श्रवण कुमार को सुरक्षा में थाने ले जा रही थी, तभी भीड़ ने उसे पुलिस गाड़ी से खींचकर फिर से पिटाई शुरू कर दी।
काफी मशक्कत और बल प्रयोग के बाद पुलिस बंधक कर्मचारी को मुक्त कर पाई। इस संघर्ष में कई बिजलीकर्मी और पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। मारपीट और पुलिस-ग्रामीण टकराव का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल है, जिससे इलाके में तनाव और बढ़ गया है।
घायल बिजलीकर्मी दीपक कुमार दास ने थाना में आवेदन देकर दोषियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की है।




