केन्द्रीय जेल में गणेश उत्सव का आयोजन, कैदियों ने स्थापित की गणेश प्रतिमा, पूजा-अर्चना कर किया भजन कीर्तन का आयोजन
रायपुर। Raipur News: देशभर में गणेश चतुर्थी की धूम है। हर कोई बप्पा की भक्ति में मगन है। जगह-जगह गणेश पंडाल बनाकर बप्पा की मूर्ति स्थापित की जा रही है। वहीं केन्द्रीय जेल रायपुर में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी गणेश उत्सव का आयोजन किया गया। जहां जेल में ही बंदियों द्वारा अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ पर्यावरण के अनूकुल मिट्टी से भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का निर्माण कर उसकी स्थापना की गई है।
प्रतिमा का निर्माण आजीवन कारावास से दंडित 06 बंदियों द्वारा किया गया है। गणेश प्रतिमा निर्माण से लेकर सजावट और उत्सव के संपूर्ण कार्यक्रम में बंदियों की सक्रिय भागीदारी रही। प्रतिमा स्थापना के पश्चात् विधिवत पूजा-अर्चना, आरती एवं भजन कीर्तन का आयोजन किया गया। जिसमें सभी बंदियों ने अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए भगवान श्री गणेश की महिमा का गुणगान किया। इस दौरान जेल के अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
Raipur News: बता दें कि, जेल अधीक्षक योगेश सिंह क्षत्री ने कहा कि, ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन बंदियों में आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और आध्यात्मिक जागरूकता लाता है। यह उन्हें जीवन में नई दिशा देने और सामाजिक समरसता की भावना जगाने में सहायक सिद्ध होते है। वहीं गणेश उत्सव के दौरान बंदियों ने “स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण” का संदेश भी दिया। मिट्टी से बनाई प्रतिमा का विसर्जन जेल परिसर के भीतर स्थित कुंड में किया जायेगा, जिससे पर्यावरण को किसी भी प्रकार की क्षति न पहुंचे।





