सरगुजा : जिले में म्युल अकाउंट (धोखाधड़ी के लिए इस्तेमाल किए गए बैंक अकाउंट) के जरिए करोड़ों रुपये के लेनदेन का सिलसिला थम नहीं रहा है। ताजा मामला कृषि विभाग के एक कर्मचारी के साथ हुआ धोखे का है, जहां उसके नाम पर निजी बैंक में खाता खुलवाकर करीब ₹1.80 करोड़ का ट्रांजेक्शन कर दिया गया।
दो परिचितों ने खुलवाया खाता, खुद रख लिए दस्तावेज
पीड़ित कर्मचारी वैभव सूर्यवंशी, जो कृषि विभाग में कार्यरत है, उसकी हाल ही में सुमित सिंह और अनुज सिंह नाम के दो युवकों से जान-पहचान हुई थी। आरोप है कि इन युवकों ने वैभव से विश्वास जीतकर IDBI बैंक में खाता खुलवाया और उसकी चेकबुक, पासबुक व एटीएम कार्ड अपने पास रख लिए।
बैंक के नोटिस से हुआ खुलासा
कुछ ही दिनों में जब खाते से बड़ी रकम का लेनदेन शुरू हुआ, तो बैंक ने इसे संदिग्ध मानते हुए वैभव को नोटिस भेजा। इसके बाद जब वैभव बैंक पहुंचा तो पता चला कि उसके नाम से एक सेविंग और एक करंट अकाउंट खोला गया था, जिनसे कुल मिलाकर लगभग ₹1 करोड़ 80 लाख का लेनदेन किया गया है।
गांधीनगर पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की शिकायत मिलने के बाद गांधीनगर पुलिस ने आरोपियों सुमित सिंह और अनुज सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने इसे म्युल अकाउंट के जरिये धोखाधड़ी का मामला मानते हुए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जांच जारी
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह फर्जीवाड़ा किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा है या केवल सीमित लोगों द्वारा किया गया अपराध। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बैंक और साइबर सेल की मदद से आगे की जांच की जा रही है।




