
कोरबा। जिले में सब्जियों से भरे पिकअप और ट्रेलर के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे में पिकअप ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया है। मामला कुसमुंडा थाना अंतर्गत सर्वमंगला चौकी क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह पिकअप में सब्जी लेकर सरगांव बिलासपुर निवासी चालक छन्ने साहू कोरबा आ रहा था। उसने बिलासपुर से सब्जियां लोड कीं, जिसकी डिलीवरी उसे कोरबा में देनी थी। इधर सर्वमंगला की ओर से कुसमुंडा खदान कोयला लोड करने के लिए ट्रेलर जा रहा था। इसी बीच जटराज मोड़ पर बुधवार सुबह 7 बजे ट्रेलर और पिकअप की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर में पिकअप बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और उसका ड्राइवर गाड़ी में फंस गया। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर सर्वमंगला पुलिस चौकी प्रभारी टीम समेत घटनास्थल पर पहुंचे। हाइड्रा बुलवाकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अलग कराया गया। इसके बाद पिकअप में फंसे हुए ड्राइवर को निकाला गया। उसे मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृत ड्राइवर के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया है। पुलिस ने आरोपी ट्रेलर ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। ट्रेलर को जब्त कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।




