तेज रफ्तार स्कार्पियो अनियंत्रित हुई और तीन को रौंदते हुए पेड़ से जा टकराई, दो की मौत, एक गंभीर
टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही उदय राय और दीपलाल राय की मौत हो गई, जबकि हरिंदर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।

औराई (मुजफ्फरपुर). सुबह भैरवस्थान के पास का नज़ारा बेहद दर्दनाक था। सड़क पर बिखरी हुई बाइक और बुरी तरह क्षतिग्रस्त स्कार्पियो इस बात की गवाही दे रही थी कि यहां कुछ पल पहले ही बड़ा हादसा हुआ है। देकुली गांव के उदय राय (30), दीपलाल राय (70) और हरिंदर सिंह (45) एक ही बाइक से औराई अंचल में जमीन से जुड़े कागजात जमा कराने जा रहे थे। लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह सफर उनकी ज़िंदगी की आखिरी राह साबित होगी।

अचानक तेज़ रफ्तार स्कार्पियो अनियंत्रित हुई और तीनों को रौंदते हुए पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही उदय राय और दीपलाल राय की मौत हो गई, जबकि हरिंदर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार और अफरातफरी के बीच ग्रामीण दौड़े, घायलों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन मौत का मातम पहले ही गांव तक पहुंच चुका था।
घटनास्थल पर जमा भीड़ में चर्चा थी कि स्कार्पियो चालक रमेश सिंह के साथ एक लड़का बैठा था, जो गाड़ी चलाना सीख रहा था। चालक की चप्पल एक्सीलेटर में फंस गई और गाड़ी रफ्तार में अनियंत्रित हो गई। हादसे में स्कार्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। पुलिस ने चालक रमेश सिंह को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ जारी है।
शाम होते-होते गांव में मातमी माहौल और गहरा गया। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव जब घर पहुंचे, तो चीख-पुकार मच गई। देर शाम उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। पूरा गांव ग़मगीन है और लोग अब भी विश्वास नहीं कर पा रहे हैं कि सुबह तक साथ रहने वाले दो साथी अब सिर्फ यादों में रह गए।




