छत्तीसगढ़ में रेत माफियाओं पर प्रशासन का शिकंजा: बिलासपुर, धमतरी और जांजगीर-चांपा में ताबड़तोड़ कार्रवाई

बिलासपुर : छत्तीसगढ़ में रेत माफियाओं की बढ़ती गुंडागर्दी के बीच राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। बिलासपुर, धमतरी और जांजगीर-चांपा जिलों में प्रशासन ने अवैध रेत खनन और भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सैकड़ों वाहन जब्त, रेत डंप सील और दर्जनों लोगों को हिरासत में लिया है।
बिलासपुर: 70 टीमों की छापेमारी, 52 वाहन जब्त
बिलासपुर में सोमवार को जिला प्रशासन की 70 टीमों ने एकसाथ 85 स्थानों पर छापेमारी की। इस अभियान में 13 स्थानों से हजारों घनमीटर रेत जब्त की गई।
जब्त किए गए वाहन:
- 3 पोकलेन
- 2 जेसीबी
- 13 हाइवा
- 34 ट्रैक्टर
- कुल वाहन: 52
40 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सभी के खिलाफ जुर्माने और केस दर्ज किए जा रहे हैं।
कार्रवाई का दायरा: सिविल लाइन, सरकंडा, कोनी, कोटा, मस्तूरी, हिर्री, बिल्हा, पचपेड़ी और तखतपुर के ग्रामीण क्षेत्र तक फैला।

READ MORE : 20 साल अनुभव के बाद भी ‘अप्रशिक्षित’ कहे जाने पर हाईकोर्ट सख्त, शिक्षा सचिव को 60 दिन में निर्णय का निर्देश
धमतरी: एक ही रात में 200 ट्रैक्टर रेत जब्त
धमतरी में भी प्रशासन ने देर रात कार्रवाई करते हुए लीलर और भरारी गांव में अवैध रेत भंडारण का भंडाफोड़ किया।
जब्त सामग्री:
- करीब 200 ट्रैक्टर रेत
- 3 चैन माउंटेन मशीन
- 1 जेसीबी
- 3 हाइवा वाहन
केंद्र सरकार के निर्देश अनुसार 15 जून से खदानें बंद हैं, लेकिन इसके बावजूद रेत माफिया अवैध उत्खनन में लगे थे। सभी वाहनों को जब्त कर कार्रवाई की जा रही है।
जांजगीर-चांपा: रेत उत्खनन पर पूर्ण प्रतिबंध, टास्क फोर्स एक्टिव
जांजगीर-चांपा में 10 जून से 15 अक्टूबर तक नदियों से रेत खनन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। कलेक्टर की अध्यक्षता में हुई टास्क फोर्स बैठक में निर्देश जारी किए गए कि
- पुलिस, खनिज, वन और परिवहन विभाग संयुक्त कार्रवाई करेंगे।
- भार से अधिक खनिज परिवहन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई होगी।
- गिट्टी खदानों का सीमांकन किया जाएगा।
- कोयला और डस्ट ढोने वाले वाहनों को तिरपाल से ढंकना अनिवार्य होगा।
अब तक जिले में 70 लाख रुपए की पेनल्टी वसूल की जा चुकी है। माइनिंग सर्विलांस सिस्टम से घाटों की निगरानी की जाएगी।
राज्य सरकार का संदेश स्पष्ट: अवैध खनन बर्दाश्त नहीं
राज्य सरकार ने हाईकोर्ट की सख्ती और लगातार हो रही शिकायतों को देखते हुए प्रशासन को बेखौफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। बिलासपुर में हुई आपात बैठक में कलेक्टर और एसएसपी ने अफसरों को स्पष्ट निर्देश दिए कि रेत माफिया के खिलाफ कठोर कदम उठाएं।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और रेत माफिया की गुंडागर्दी अब और नहीं चलने दी जाएगी।






