दर्दनाक हादसा… पुलिस गाड़ी से टकराई स्कूटी, मौके पर ही एक स्कूली छात्र की मौत, एक घायल
हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur Accident News: राजधानी रायपुर से इस वक्त एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आ रही है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत छत्तीसगढ़ क्लब के सामने स्कूल जा रहे दो मासूम बच्चों का भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दर्दनाक एक्सीडेंट में एक स्कूली बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल है।
मिली जानकारी के मुताबिक, नविशा उम्र 10 वर्ष और अंश सतवाणी उम्र 14 वर्ष मोपेड में सवार होकर स्कूल जा रहे थे। तभी ट्रैफिक पुलिस की टो गाड़ी से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भयानक था कि 14 वर्षीय अंश सतवाणी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नविशा गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक बच्ची की हालत नाजुक बनी हुई है।
Raipur Accident News: घटना के बाद बड़ा सवाल तब खड़ा हुआ जब ट्रैफिक पुलिस की टो गाड़ी का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। फिलहाल सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। फरार टो गाड़ी चालक की तलाश की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। यह हादसा ट्रैफिक व्यवस्था और जवाबदेही पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।



