
रायपुर : छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। खासकर बिलासपुर और सरगुजा संभाग में अगले चार दिनों तक एक-दो स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।
दुर्ग, रायपुर और बस्तर में वर्षा की तीव्रता में होगी कमी
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, दुर्ग, रायपुर और बस्तर संभाग में वर्षा की तीव्रता में कुछ कमी देखी जा सकती है। हालांकि इन क्षेत्रों में हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना बनी हुई है।
चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिकाएं बनीं वर्षा की वजह
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर छत्तीसगढ़ और उसके आसपास 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा मानसून द्रोणिका समुद्र तल से बीकानेर, देवमाली, हमीरपुर, डाल्टनगंज, जमशेदपुर, दीघा होते हुए बंगाल की खाड़ी तक फैली है।
एक अन्य द्रोणिका दक्षिण पश्चिम उत्तर प्रदेश से उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक 0.9 से 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर सक्रिय है, जबकि एक और द्रोणिका उत्तर पूर्व अरब सागर से उत्तर छत्तीसगढ़ तक फैली हुई है।
भारी बारिश की चेतावनी उत्तर छत्तीसगढ़ के लिए
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने जानकारी दी कि प्रदेश के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा या गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। चरम उत्तर छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा की भी संभावना है। हालांकि, प्रबल मानसूनी तंत्र के उत्तर छत्तीसगढ़ में स्थित होने से वर्षा की तीव्रता में कुछ कमी हो सकती है।
राजधानी रायपुर में बादल छाए रहेंगे
राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। बीच-बीच में हल्की बारिश भी हो सकती है। दिन का तापमान 24°C से 34°C के बीच रहने का अनुमान है।




