हाथियों के आतंक से दहशत में जी रहे ग्रामीण, गांव के करीब पहुंचा हाथियों का झुंड, खेतों को पहुंचा रहे नुकसान
कटघोरा। Terror Of Elephants: बड़ी खबर कटघोर वनमण्डल के एतमानगर रेंज से है जहां ग्राम पचरा और उसके आसपास के गांव इन दिनों हाथियों के आतंक से दहशत में हैं। करीब 50 हाथियों का विशाल झुंड दिनदहाड़े गांवों के पास तक पहुंच गया, खेतों को रौंदा और तैयार फसलों को नुकसान पहुँचाया। ग्रामीण पूरी रात जागकर जान-माल की रक्षा करने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि, आज सुबह हाथियों का दल गांव की बस्ती के एकदम नजदीक पहुंच गया। ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए ढोल, मशाल और आवाज़ों की मदद से उन्हें जंगल की ओर खदेड़ा। इस दौरान वन विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद रही, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि “मदद देर से और सीमित मिलती है। ग्राम पचरा के लोगों ने सरपंच और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ अति आवश्यक बैठक की है।
Terror Of Elephants: ग्रामीणों ने प्रशासन से साफ मांग की है कि, गांव की सीमा पर फेंसिंग (तारबंदी) की जाए, वन विभाग की टीम लगातार गश्त पर रहे और हाथियों की गतिविधियों की तुरंत सूचना ग्रामीणों तक पहुँचाएं। ग्रामीणों का आरोप है कि हाथियों के लगातार आतंक के बावजूद न जिले के मंत्री और न ही सांसद ने अब तक कोई ठोस कदम उठाया है। किसान की फसलें तबाह हो रही है। फसल कच्ची ही काट रहे हैं किसान और ग्रामीणों को रात-रात भर जागना पड़ रहा है। शासन नुकसान के मुआवजे के नाम पर केवल खानापूर्ति कर रहा। ऐसे में सवाल उठता है कि, क्या प्रशासन जागेगा? क्या फेंसिंग होगी? या फिर ग्रामीण ऐसे ही हाथियों के डर में जीते रहेंगे?




