चूहे की शरारत ने स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में मचाया तहलका, शॉर्ट सर्किट से धुआं, 20 मिनट ठप रही ट्रेन
थर्ड एसी कोच में मचा हड़कंप, यात्रियों ने रेलवे की लापरवाही पर उठाए सवाल

PATNA: जयनगर से नई दिल्ली की रफ्तार पकड़ रही स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में रविवार को उस वक्त कोहराम मच गया, जब समस्तीपुर-मुजफ्फरपुर रेलखंड पर ढोली स्टेशन के पास बी-5 थर्ड एसी कोच के इलेक्ट्रिक पैनल से धुंआ निकलने लगा. धुंधली लपटों ने यात्रियों के होश उड़ा दिए और कोच में चीख-पुकार का माहौल बन गया. घबराहट में यात्री सीटों से उछल पड़े और किसी बड़े हादसे की आशंका में तुरंत चेन खींचकर ट्रेन को रोक दिया गया.यात्रियों ने फौरन टीटीई और कोच अटेंडेंट को सूचना दी, जिसके बाद रेलवे के इलेक्ट्रिक विभाग के कर्मचारी मौके पर दौड़े.
ट्रेन करीब 20 मिनट तक ढोली स्टेशन पर खड़ी रही, और परेशान यात्री इधर-उधर भटकते दिखे. मरम्मत के बाद जब इलेक्ट्रिक मिस्त्री ने धुंए की वजह खोली, तो सभी दंग रह गए. मिस्त्री ने बताया कि एक चूहा पैनल में घुस गया था, जिसके कारण शॉर्ट सर्किट हुआ और धुंआ निकलने लगा. यह सुनकर यात्रियों का गुस्सा फट पड़ा.
यात्री अमित राहुल कुमार ने रेलवे पर तंज कसते हुए कहा, “चूहा तो थर्ड एसी का टिकट लेकर नहीं आया, लेकिन रेलवे की लचर सुरक्षा ने उसे पैनल तक पहुंचने का रास्ता दे दिया. अगर समय पर चेन न खींची जाती, तो हादसा भयानक हो सकता था.” अन्य यात्रियों ने भी रेलवे के रखरखाव पर सवाल उठाए और इसे गंभीर सुरक्षा चूक करार दिया.घटना सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैल गई, जहां लोग चूहे को ‘ट्रेन का अनचाहा यात्री’ बताकर रेलवे की खिंचाई करने लगे. कुछ ने चुटकी ली, “चूहे को भी थर्ड एसी का शौक चढ़ गया!” लेकिन इस हल्के-फुल्के मजाक के पीछे छिपा सवाल गंभीर है—क्या रेलवे यात्रियों की जान जोखिम में डाल रहा है? मरम्मत के बाद ट्रेन तो रवाना हो गई, लेकिन यात्रियों के मन में डर और रेलवे के प्रति नाराजगी अब भी कायम है.




