एक पता-एक नंबर, गलत पते पर पहुंचा 24 असली पासपोर्ट, फर्जीवाड़े का बड़ा खुलासा
गाजियाबाद। Ghaziabad Fake Passport: उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद से फर्जीवाड़े का बड़ा मामला सामने आया है। जहां कुछ लोगों ने एक ही मोबाइल नंबर और एक ही फर्जी पते के जरिए करीब 24 पासपोर्ट बनवा लिए। मामले का खुलासा होते ही पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। हैरानी की बात यह है कि पासपोर्ट डिलीवरी के लिए पोस्टमैन को भी इस पूरे खेल में शामिल कर लिया गया था।
दरअसल, भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव त्योडी, भोजपुर , कलछिना, सैदपुर हुसैन और अतरौली गांव से 24 पासपोर्ट आवेदन किए गए। इनमें से सात भोजपुर गांव, 12 पासपोर्ट त्योडी, जबकि तीन सैदपुर हुसैन, एक कलछिना और एक अतरौली गांव से आवेदन किया गया। जबकि जांच में पाया गया कि ये आवेदक वहां के स्थायी निवासी नहीं है और सभी पासपोर्टम में एक ही मोबाइल नंबर थे।
वहीं जब पासपोर्ट डिपार्टमेंट को शक होने पर क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ने दिल्ली से 11 दिसंबर को एक पत्र लिखकर पुलिस से इन आवेदकों की जांच करने के लिए भेजा गया। बताया गया कि, डाकिया अरुण लगातार विवेक और प्रकाश नाम के दो आरोपियों को पासपोर्ट पहुंचा रहा था और हर पासपोर्ट पहुंचाने के बदले डाकिया को 2 हजार रुपये दिए जाते थे।
Ghaziabad Fake Passport: जांच में खुलासा हुआ कि सभी पासपोर्ट एक ही पते पर बनवाए गए थे, जबकि असली आवेदक वहां रहते ही नहीं थे। जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत कुल 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से फर्जी दस्तावेज, कई मोबाइल फोन और पासपोर्ट से जुड़े कागजात बरामद किए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन फर्जी पासपोर्ट का इस्तेमाल किन मकसदों से किया जाना था और इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह तो नहीं है।




