कवर्धा : जिले में एक पुलिस आरक्षक की शर्मनाक हरकत सामने आई है। ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में आम लोगों से अभद्रता और विवाद करने वाले पुलिस आरक्षक अभिषेक लकड़ा को एसपी धमेंद्र सिंह ने तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। यह मामला 30 अप्रैल का है, जब वह कवर्धा थाना क्षेत्र के एक शोरूम के बाहर शराब के नशे में हंगामा करता पाया गया।
आम नागरिकों से की बदसलूकी, पुलिस जवानों से भी किया विवाद
सूत्रों के अनुसार, आरक्षक अभिषेक लकड़ा, जो कि पुलिस लाइन कवर्धा में पदस्थ था, सरस्वती शोरूम के बाहर नशे की हालत में लोगों से उलझ रहा था। स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत पुलिस को दी, जिसके बाद कवर्धा थाना से दो जवान मौके पर पहुंचे। लेकिन नशे में धुत आरक्षक ने जवानों के साथ भी अभद्रता करते हुए विवाद किया।
मेडिकल जांच में शराब सेवन की पुष्टि
जवानों ने किसी तरह आरक्षक को काबू कर थाने लाया और उसका मेडिकल परीक्षण करवाया गया। जांच में अत्यधिक मात्रा में शराब का सेवन करना पाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी धमेंद्र सिंह ने आरक्षक को तत्काल सस्पेंड कर दिया।
एसपी ने दी सख्त चेतावनी
एसपी ने साफ कहा कि, ड्यूटी के दौरान किसी भी पुलिसकर्मी की गैर जिम्मेदाराना और अनुशासनहीन हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग की छवि को धूमिल करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।




