
हिमांशु/ राजधानी रायपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना ने शहर को स्तब्ध कर दिया। डीडी नगर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात 28 वर्षीय डिलीवरी बॉय हेमंत कोठारी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, हेमंत पार्सल डिलीवर करने चंगोराभाठा इलाके में गया था, जहां उसकी बाइक की मामूली टक्कर आरोपी पप्पू यादव की बाइक से हो गई। इस मामूली टक्कर को लेकर हुए विवाद ने जल्द ही हिंसक रूप ले लिया।

थाना प्रभारी एसएन सिंह ने बताया कि कहासुनी के दौरान आरोपी ने जेब से चाकू निकालकर हेमंत के सीने पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल हेमंत को स्थानीय लोगों ने नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण सोमवार सुबह उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी पप्पू यादव मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश में जुटी हुई थी, वही घटना के कुछ घंटो बाद आरोपी को धर दबोचा गया…
आरोपी
वही इस घटना से इलाके में दहशत और आक्रोश फैल गया है। मृतक विवाहित था और दो छोटे बच्चों का पिता था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय नागरिकों ने राजधानी में बढ़ते अपराधों पर सवाल उठाए हैं और पुलिस से गश्त व सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। यह वारदात एक बार फिर दिखाती है कि गुस्से में लिया गया गलत फैसला कितनी बड़ी त्रासदी ला सकता है।




