
कोरबा : जिले के VIP रोड पर देर रात एक तेज रफ्तार कार ने भयानक हादसे को अंजाम दिया। नशे की हालत में कार चला रहे युवक ने तीन मोटरसाइकिल और एक साइकिल सवार को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गये।
हादसा आईटीआई चौक से बुधवारी बाजार की ओर जाने वाले मार्ग पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्विफ्ट कार (क्रमांक CG 12 BE 2806) का चालक राहुल यादव तेज रफ्तार में कार चला रहा था। पहले उसने इंदिरा चौक के पास दो बाइक और एक टीवीएस चैम्प को टक्कर मारी, फिर मौके से भागने की कोशिश में एक अन्य बाइक सवार को भी चपेट में ले लिया।
घटना इतनी भीषण थी कि एक मोटरसाइकिल को कार के नीचे फंसी हालत में करीब 100 से 150 मीटर तक घसीटते हुए ले जाया गया। एक बच्ची, जो दोपहिया वाहन पर सवार थी, काफी देर तक लापता रही। बाद में वह घटनास्थल के पास नाली में पड़ी मिली, जिससे उसकी मौत की आशंका गहराती जा रही है।
READ MORE : CG POLICE TRANSFER : पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, 161 पुलिसकर्मियों का तबादला, देखें लिस्ट
गंभीर हालत में कई लोग अस्पताल में भर्ती
सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद कार का एयरबैग खुल गया, जिससे चालक बच निकला, लेकिन कई लोगों की जान जोखिम में पड़ गई। मेडिकल कालेज में प्राथमिक उपचार के बाद दो लोगों को प्राइवेट अस्पताल में रिफर कर दिया गया था। जहां उपचार के दौरान मो.इसराइल और छोटेलाल साहनी की मौत हो गयी।
गुस्साए लोगों ने आरोपी को पीटा, पुलिस वाहन से भी उतारा
हादसे के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। भीड़ ने आरोपी कार चालक राहुल यादव को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई की। जब पुलिस उसे अपनी गाड़ी में बैठाने आई, तो आक्रोशित भीड़ ने पुलिस की गाड़ी से भी उसे उतारकर पीटा।
READ MORE : छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट: अगले 24 घंटे में बाढ़ की संभावना, कई जिलों में रेड अलर्ट जारी
नशे में था चालक, हाथ पर था प्लास्टर
पुलिस के मुताबिक, आरोपी राहुल यादव सीएसईबी का कर्मचारी है और हादसे के वक्त शराब के नशे में था। उसका दायां हाथ पहले से फ्रैक्चर था, जिस पर प्लास्टर चढ़ा था, फिर भी वह तेज रफ्तार में कार चला रहा था।
पुलिस ने लिया हिरासत में
सूचना मिलते ही सिविल लाइन और सीएसईबी पुलिस सहायता केंद्र से पहुंची टीम ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच जारी है। जांच के बाद आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




