BREAKING : BJ मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल पर गिरा Air India विमान, 20 से ज्यादा मेडिकल स्टूडेंट्स के मौत की खबर…

गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जब एयर इंडिया का B-787 ड्रीमलाइनर विमान फ्लाइट AI-171 टेकऑफ के कुछ ही मिनटों बाद रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह विमान अहमदाबाद से लंदन के गैटविक एयरपोर्ट के लिए रवाना हुआ था, लेकिन उड़ान भरने के करीब पांच मिनट बाद मेघानी नगर स्थित बीजे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल पर जा गिरा।
हादसे के समय मेडिकल कॉलेज की कैंटीन में दोपहर के लंच के लिए कई छात्र मौजूद थे। प्रारंभिक रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब 20 छात्रों की मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
READ MORE : टेक-ऑफ करते ही गिरा 242 लोगों से भरा विमान….अहमदाबाद में प्लेन क्रैश, काले धुएं से भर गया आसामान
मौके से सामने आईं तस्वीरों में देखा जा सकता है कि विमान का पिछला हिस्सा हॉस्टल की इमारत से लटका हुआ है, जबकि आगे का हिस्सा पूरी तरह जल चुका है और वहां से धुएं का घना गुबार उठता दिखाई दे रहा है।
घटना के बाद एनडीआरएफ की तीन टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य में जुट गईं। वडोदरा से भी दो अतिरिक्त एनडीआरएफ टीमें अहमदाबाद रवाना की गई हैं। घायलों को तुरंत अहमदाबाद सिविल अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया है। अहमदाबाद के नगर आयुक्त और पुलिस कमिश्नर भी मौके पर मौजूद हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं।




