भीषण सड़क हादसा, ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार की मौके पर ही मौत, आक्रोशित लोगों ने किया चक्कजाम
हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur Accident: उरला इलाके में आज एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। जहां एक तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार युवक को बेरहमी से रौंद दिया। जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक युवक छोटे बेरला गांव का निवासी बताया जा रहा है। हादसा उस वक्त हुआ, जब वह घर लौटते हुए सुभाष चौक से गुजर रहा था।
वहीं इस मामले पर स्थानीय लोगों ने बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि, चार साल पहले भी इसी स्थान पर ऐसा ही बड़ा हादसा हुआ था, जिसके बाद प्रशासन ने भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी थी। लेकिन लोगों का आरोप है कि पुलिस की मिलीभगत और लेन-देन के चलते भारी वाहनों का आवागमन फिर शुरू कर दिया गया और इसी लापरवाही ने एक और मासूम की जान ले ली।
Raipur Accident: हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। स्थानीय रहवासी पार्षद के साथ सड़क पर उतर आए और चक्काजाम कर दिया। उग्र भीड़ ने सड़क सुरक्षा और पुलिस की जवाबदेही को लेकर जोरदार नारेबाजी की। स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर भेजा गया। फिलहाल पूरे उरला थाना इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने हाईवा को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश जारी है। स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि भारी वाहनों का प्रवेश तुरंत बंद किया जाए और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो।




