बेमेतरा : काम में लापरवाही के चलते आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बर्खास्त, महिला एवं बाल विकास विभाग ने की कार्रवाई

बेमेतरा : जिले के ग्राम पंचायत कुरदा अंतर्गत संचालित डोकरबेला आंगनबाड़ी केंद्र की कार्यकर्ता रेखा राजपूत को कार्य में गंभीर लापरवाही बरतने के कारण पद से बर्खास्त कर दिया गया है। यह कार्रवाई महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा नियमों के तहत की गई है।
जानकारी के अनुसार, करीब दो माह पूर्व डोकरबेला आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण जिला कार्यक्रम अधिकारी चन्द्र बेश सिंह सिसोदिया और जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी ने संयुक्त रूप से किया था। निरीक्षण के दौरान कई खामियां पाई गई थीं, जिन्हें लेकर कार्यकर्ता को लिखित रूप से कार्य में सुधार के निर्देश दिए गए थे।
इसके बावजूद कार्य में कोई सुधार नहीं किया गया। इसके बाद ‘सुशासन तिहार’ शिविर के दौरान ग्रामवासियों ने उक्त कार्यकर्ता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की जांच सीडीपीओ खंडसरा यमुनेश पाण्डेय द्वारा की गई, जिसमें आरोप सही पाए गए।
प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद नियमानुसार रेखा राजपूत की सेवा समाप्त कर दी गई। इस कार्रवाई को ग्रामीणों ने सुशासन की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया है।





