घने कोहरे की चादर में लिपटा बिहार, शीतलहर ने बढ़ाई ठिठुरन
20 जिलों में विजिबिलिटी 50 मीटर तक सिमटने की आशंका, अगले दो दिन सबसे चुनौतीपूर्ण

पटना : बिहार में दिसंबर की सर्दी अचानक रौद्र रूप में सामने आ गई है। रात ढलते ही घना कोहरा सड़कों पर उतर आ रहा है और सुबह होते-होते पूरा इलाका सफेद चादर में लिपट जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के बड़े हिस्से में शीतलहर और घने से बेहद घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है, जिससे आने वाले दिनों में जनजीवन प्रभावित रहने की पूरी संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिमी, मध्य और पूर्वी बिहार के कई इलाकों में दृश्यता बेहद कम हो सकती है। खासकर देर रात और सुबह के समय हालात और गंभीर रहने के संकेत हैं। कुछ स्थानों पर विजिबिलिटी घटकर महज 50 मीटर तक सिमट सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात पर सीधा असर पड़ रहा है।

हवा की रफ्तार बढ़ाएगी ठंड की चुभन
आईएमडी के बिहार केंद्र के दैनिक बुलेटिन के अनुसार, अगले तीन दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन 30 किलोमीटर प्रति घंटा तक की रफ्तार से चलने वाली ठंडी हवाएं ठिठुरन को और बढ़ा देंगी। कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच चुका है, जिससे ठंड का असर और तेज हो गया है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे कम 9.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान नालंदा जिले के सरमेरा प्रखंड में दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस किशनगंज के पोठिया प्रखंड में रिकॉर्ड किया गया।
इन जिलों में कोहरे का सबसे ज्यादा असर
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, गोपालगंज, सीवान, सारण, दरभंगा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मुंगेर, जमुई, बांका, भागलपुर, समस्तीपुर, वैशाली, पटना और गया समेत करीब 20 जिलों में मध्यम से घने कोहरे का पूर्वानुमान जताया है।
यातायात प्रभावित, प्रशासन अलर्ट मोड में
सुबह से शाम तक छाए कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात पहले ही प्रभावित होने लगा है। कम दृश्यता के चलते वाहन चालकों को विशेष सतर्कता बरतने की चेतावनी दी गई है। जिला प्रशासन को अलर्ट मोड में रखा गया है और जरूरत पड़ने पर अलाव की व्यवस्था भी की जा रही है।
आम लोगों के लिए एडवाइजरी
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें, गर्म कपड़ों का उपयोग करें और बुजुर्गों, बच्चों व बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिन ठंड और कोहरे के लिहाज से सबसे अधिक चुनौतीपूर्ण साबित हो सकते हैं।




