पीके बेबुनियाद आरोप लगाकर मानसिक क्षुद्रता दिखा रहे, माफी नहीं तो 132.24 करोड़ की मानहानि का मुकदमा: सांसद संजय जायसवाल
बीजेपी सांसद ने पेट्रोल-डीजल घोटाले, ओवरब्रिज अलाइनमेंट आरोप पर RTI के सबूत पेश कर पलटवार किया; पीके से सार्वजनिक माफी की मांग

बेतिया : बेतिया में सोमवार को सांसद डॉ संजय जायसवाल ने प्रेस प्रतिनिधियों के सामने कहा कि जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर ने उनके ऊपर पेट्रोल-डीजल घोटाले और छावनी रोड स्थित ओवरब्रिज परियोजना के अलाइनमेंट बदलवाने जैसे गंभीर आरोप लगाकर झूठ फैलाया है। संजय जायसवाल ने रेलवे और एनएचएआई दोनों की RTI रिपोर्ट दिखाकर बताया कि ओवरब्रिज के मार्गरेखन में कोई बदलाव या भू-अर्जन नहीं हुआ।
पेट्रोल-डीजल मामला भी पूरी तरह झूठा है – नगर निगम महापौर ने 8 बिंदुओं पर जांच करवाने के लिए पत्र लिखा था, लेकिन इसमें पेट्रोल-डीजल घोटाले जैसी कोई बात नहीं थी। जांच अधिकारी ने “अन्य” सेक्शन में 15 गाड़ियों के डीजल भुगतान पर GST बिल नहीं होने की बात उठाई, जबकि भारत में पेट्रोल-डीजल GST के दायरे में नहीं है। सांसद ने कहा कि ऐसी गलत और दुर्भावनापूर्ण रिपोर्ट संबंधी साजिश दो वर्ष से रची गई थी ताकि उनके रिश्तेदार के पंप से सप्लाई शुरू करवाई जा सके।
सांसद ने स्पष्ट तौर पर कहा, “अगर पीके सार्वजनिक रूप से माफ़ी नहीं मांगते हैं तो कोर्ट में पहले से दर्ज क्रिमिनल केस के बाद अब मैं 132 करोड़ 24 लाख रुपये की मानहानि का मुकदमा भी करूंगा।” साथ ही, उन्होंने कहा कि अब ऐसे झूठे आरोप बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और सभी कानूनी विकल्पों का पूरी तरह उपयोग होगा।




