अब घर बैठे करें ‘ई-पिंडदान’
गया जी में पिंडदान के लिए पर्यटन विभाग का विशेष पैकेज
6 से 21 सितंबर तक आयोजित होगा पितृपक्ष मेला; 13,450 रुपये से शुरू होंगे टूर पैकेज, ऑनलाइन बुकिंग की भी मिलेगी सुविधा
पटना: अपने पूज्य पितरों का तर्पण और पिंडदान करने के लिए गया जी आने वाले श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी है। बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम (BSTDC) ने पितृपक्ष मेले के लिए विशेष टूर पैकेज की घोषणा कर दी है, जिसका आयोजन 6 से 21 सितंबर तक किया जाएगा। इन पैकेज के साथ-साथ, जो श्रद्धालु गया आने में असमर्थ हैं, उनके लिए ई-पिंडदान की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
पांच तरह के टूर पैकेज
पर्यटन विभाग ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पांच प्रकार के टूर पैकेज लॉन्च किए हैं, जिनकी बुकिंग बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम की वेबसाइट https://bstdc.bihar.gov.in/ पर की जा सकती है। पैकेज की शुरुआती कीमत 13,450 रुपये रखी गई है।
एक दिन का पैकेज: पटना-पुनपुन-गया का टूर पैकेज।
एक रात और दो दिन का पैकेज : पटना-पुनपुन-नालंदा-राजगीर-पटना का पैकेज।
गया जी का एक दिन का पैकेज।
गया का एक रात और दो दिन का पैकेज।
एक रात और दो दिन का पैकेज: गया-बोधगया-राजगीर-नालंदा-गया जी का पैकेज।
श्रद्धालु अपनी सुविधा के अनुसार एक, दो या चार व्यक्तियों के लिए बजट होटल, टू-स्टार, थ्री-स्टार होटल या रिसॉर्ट श्रेणी में बुकिंग करा सकते हैं। इन पैकेजों के जरिए श्रद्धालु पिंडदान के बाद आसपास के धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों का भी भ्रमण कर सकेंगे।
ई-पिंडदान की खास सुविधा
जो श्रद्धालु देश या विदेश में रहते हैं और गया जी नहीं आ सकते, वे घर बैठे ई-पिंडदान करा सकते हैं। इसके लिए उन्हें 23,000 रुपये का पैकेज बुक कराना होगा। इस पैकेज के तहत, पंडाजी गया जी में विष्णुपद मंदिर, अक्षयवट और फल्गु नदी पर श्रद्धालु की ओर से पिंडदान और तर्पण करेंगे।
इस अनुष्ठान की पूरी प्रक्रिया, जिसमें मंत्रोच्चार, दान-दक्षिणा और पूजा सामग्री शामिल है, की वीडियो रिकॉर्डिंग कर एक पेन ड्राइव में सुरक्षित की जाएगी और बाद में श्रद्धालु को उपलब्ध कराई जाएगी। अधिक जानकारी के लिए, श्रद्धालु 8544418408 या 8294307690 पर भी संपर्क कर सकते हैं।




