NHM कर्मचारियों का रायपुर में जंगी प्रदर्शन: 16 हजार से ज्यादा कर्मी पहुंचे राजधानी, दो महीने से नहीं मिला वेतन

रायपुर : प्रदेशभर के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारियों ने मंगलवार को रायपुर में जोरदार प्रदर्शन किया। नवा रायपुर के तुता स्थित धरना स्थल पर जुटे करीब 16 हजार से अधिक कर्मचारी अपनी 5 सूत्रीय मांगों को लेकर आवाज बुलंद कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि वे दो महीनों से बिना वेतन के काम कर रहे हैं और सरकार उनकी समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दे रही।
ये हैं NHM कर्मचारियों की मुख्य मांगें:
- 27% वेतन वृद्धि
- नियमितीकरण
- चिकित्सकीय परिचर्चा (मेडिकल कंसीलेशन) की सुविधा
- समय पर वेतन भुगतान
- सभी कर्मचारियों को स्थायी सेवाएं देने की मांग
जानकारी के मुताबिक 25 जिलों रायगढ़, कोंडागांव,सारंगढ़-बिलाईगढ़, बालोद, सूरजपुर, कोरिया, कबीरधाम, गरियाबंद, कोरबा, मुंगेली, जशपुर, दुर्ग, कांकेर, मनेन्द्रगढ़, चिरमिरी, गौरेला पेंड्रा मरवाही, राजनांदगांव समेत अन्य जिलों में एनएचएम कर्मचारियों को दो माह से वेतन नहीं मिला है और राज्य कार्यालय के स्टाफ को वेतन जारी हो गया है। छग प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ ने मिशन संचालक को ज्ञापन सौंपकर जल्द वेतन का भुगतान करने की मांग की है।
कर्मचारियों का कहना है कि वे लगातार सेवा दे रहे हैं, लेकिन उनके साथ अस्थायी कर्मचारी जैसा व्यवहार किया जा रहा है। दो महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण उन्हें आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सुनवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन को और उग्र करेंगे।




