किश्तवाड़ में बादल फटने से भयावह तबाही, अब तक 60 की मौत, 100 से अधिक घायल, पीएम ने ली जानकारी
kishtwar-cloudburst-flood-devastation-2025
NEW DELHI/SRINAGAR/KISTWAR जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के चिशोती गांव में बादल फटने की घटना ने भारी तबाही मचाई। मचैल माता मंदिर यात्रा मार्ग पर स्थित इस गांव में अचानक आए सैलाब और मलबे ने सब कुछ तहस-नहस कर दिया। इस प्राकृतिक आपदा में अब तक 60 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें दो सीआईएसएफ जवान शामिल हैं, जबकि 100 से अधिक लोग घायल हैं और 100 से ज्यादा लापता बताए जा रहे हैं।
आपदा का भयावह मंजर

यह घटना मचैल माता यात्रा के बेस कैंप, चिशोती गांव में हुई, जहां हजारों श्रद्धालु मौजूद थे। दोपहर 12 बजे से 1 बजे के बीच पहाड़ों से नीचे आए तेज पानी और मलबे के सैलाब ने 16 घर, तीन मंदिर, चार पानी की चक्कियां, एक पुल, अस्थायी बाजार, लंगर स्थल, और एक सुरक्षा चौकी को पूरी तरह नष्ट कर दिया। दर्जनभर वाहन भी बह गए। सड़कें और पुल क्षतिग्रस्त होने से राहत कार्यों में भारी बाधा आ रही है।
राहत और बचाव कार्य जारी
घटना की सूचना मिलते ही NDRF, SDRF, भारतीय सेना, पुलिस, और स्थानीय प्रशासन ने बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया। अब तक 300 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। खराब मौसम और क्षतिग्रस्त सड़कों के कारण बचाव कार्यों में चुनौतियाँ आ रही हैं, जिससे हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर पा रहे हैं। घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधाएं दी जा रही हैं।
प्रधानमंत्री और अन्य नेताओं ने ली जानकारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस आपदा पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से फोन पर बात कर हालात का जायजा लिया। पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा, “मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं किश्तवाड़ में बादल फटने और बाढ़ से प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं। बचाव और राहत अभियान जारी है। जरूरतमंद लोगों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।”
प्रधानमंत्री ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा:
Spoke to Jammu and Kashmir LG, Shri Manoj Sinha Ji and CM Shri Omar Abdullah Ji regarding the situation in the wake of the cloudburst and flooding in Kishtwar. Authorities are working on the ground to assist those affected.@OfficeOfLGJandK@OmarAbdullaH
— Narendra Modi (@narendramodi) August 15, 2025
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए केंद्र से सहायता मांगी। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी शोक व्यक्त करते हुए राहत कार्यों को तेज करने के निर्देश दिए। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।




