मासूम से दुष्कर्म के आरोपी के घर चला बुलडोजर, नहीं थे घर-दुकान के दस्तावेज, भारी पुलिस बल के साथ पंहुचा निगम अमला
हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur News: राजधानी रायपुर में तड़के की सुबह नगर निगम और जिला प्रशासन ने एक बड़ी और सख्त कार्रवाई को अंजाम दिया। 9 साल की मासूम बच्ची के साथ 5 दिनों तक दुष्कर्म के मामले में आरोपी के खिलाफ प्रशासन ने बुलडोज़र कार्रवाई की। यह कार्रवाई शहर के राजा तालाब क्षेत्र स्थित झंडा चौक में की गई,जहां आरोपी अब्दुल सज्जाद अंसारी का घर और दुकान मौजूद है। जघन्य अपराध सामने आने के बाद से ही इलाके में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा था जिसे लेकर लगातार प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही थी।
आज तड़के नगर निगम और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। कार्रवाई से पहले पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया, ताकि किसी भी तरह की कानून-व्यवस्था की स्थिति न बने। पुलिस और प्रशासन की टीम पूरे समय मौके पर मौजूद रही। गौरतलब है कि, बीते दिनों महापौर मीनल चौबे स्वयं घटनास्थल पर पहुंची थी और आरोपी के मकान व दुकान से जुड़े दस्तावेजों की जांच करवाई थी।
Raipur News: वहीं जांच के दौरान नियमों के उल्लंघन और अनियमितताओं की बात सामने आई, जिसके बाद कार्रवाई का निर्णय लिया गया। प्रशासन का कहना है कि, इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य समाज में सख्त संदेश देना है कि, मासूमों के खिलाफ अपराध करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल मौके पर स्थिति पूरी तरह नियंत्रित है और पुलिस बल तैनात है।




