सेन्ट्रल जेल के अंदर फिर गैंगवार, गवाह को जेल में ही मारा चाकू, बाहर सुपारी देकर हत्या करवाने की दी धमकी

हिमांशु पटेल/रायपुर। Raipur Central Jail : जेल,जो सुधार गृह कहलाती है,अब खुलेआम गैंगवार और सुपारी किलिंग का अड्डा बनती जा रही है। सूत्रों के मुताबिक जेल के भीतर मारपीट और ब्लेडबाजी की बाकायदा सुपारी दी जा रही है।सबसे गंभीर मामला बहुचर्चित यश शर्मा हत्याकांड से जुड़ा है, जहां इस केस के मुख्य गवाह खुशाल तोलानी पर जेल के अंदर जानलेवा हमला किया गया। खुशाल तोलानी को चाकू मारा गया, जबकि वह प्रतिबंधित धाराओं में सिर्फ एक दिन के लिए जेल गया था।
आरोप है कि, यश शर्मा हत्याकांड के आरोपियों ने साजिश रचकर जेल में हमला करवाया। चौंकाने वाली बात यह है कि हमला एनडीपीएस एक्ट का सजायाफ्ता कैदी द्वारा किया गया। गवाह खुशाल का आरोप है कि गवाही देने के चलते उस पर लगातार सुपारी देकर हमले कराए जा रहे हैं।
इस पूरे मामले को लेकर कलेक्टर और एसएसपी को लिखित शिकायत सौंपी गई है। लेकिन अब हालात इस कदर बिगड़ चुके हैं कि पीड़ित गवाह ने न्याय नहीं मिलने पर प्रशासन को आत्महत्या की चेतावनी तक दे दी है।
Raipur Central Jail : ऐसे में सबसे बड़ा सवाल ये है कि, अगर जेल के अंदर ही गवाह सुरक्षित नहीं हैं, तो बाहर कानून का भरोसा कौन करेगा? क्या केन्द्रीय जेल में गैंग चला रहे हैं अपराधी? और क्या सिस्टम पूरी तरह फेल हो चुका है?




