सड़क में केक काटना पड़ा भारी, जेल में कटी जन्मदिन की रात, फोटो वीडियो के सामने आते ही पुलिस ने की कार्रवाई
हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur News: राजधानी रायपुर में बीच सड़क पर आतिशबाजी कर केक काटकर जन्मदिन मनाने वालों पर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के महतारी चौक के पास 9 दिसम्बर की दरमियानी रात 12 बजे कुछ युवकों ने सार्वजनिक मार्ग पर मारुति कार CG 04 PV 8880 खड़ी कर आतिशबाजी की और केक काटकर जश्न मनाया। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी असुविधा हुई।
वहीं सूचना मिलते ही गुढ़ियारी थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पाँच आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया। इन पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर सभी को गिरफ्तार कर SDM कोर्ट में पेश किया गया।घटना में प्रयुक्त मारुति कार को भी जब्त करते हुए BNSS की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
Raipur News: पुलिस ने बताया कि इससे पहले भी राजधानी में सड़क पर आतिशबाजी कर बर्थडे मनाने के मामलों में आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। इस मामले में राकेश उर्फ मोनू डोगरे, संजय यादव, करण सिंह उर्फ बंटी मेरावी, प्रमोद टंडन और सौरभ सिंह उर्फ गोलू के नाम शामिल है। बता दें कि, सार्वजनिक सड़कों पर आतिशबाजी, स्टंट या केक-काटकर उत्सव मनाना न सिर्फ खतरनाक है बल्कि कानूनन अपराध भी है। पुलिस ने नागरिकों से यातायात नियमों के पालन की अपील की है।




